बुंदेलखंड के किसानों को किफायती और टिकाऊ सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराएगी योगी सरकार

SHARE:

लखनऊ

योगी सरकार के सहयोग से बुंदेलखंड के किसानों को किफायती और टिकाऊ सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल की जा रही है। नरैनी विकासखंड की बिरौना पंचायत के पंचमपुर गांव में सौर ऊर्जा आधारित सामुदायिक सिंचाई मॉडल विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए कमांड एरिया मैपिंग और सोलर पंप की डिजाइनिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसका उद्देश्य खेती में पारंपरिक बिजली और डीजल पर निर्भरता घटाकर किसानों को सिंचाई का वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराना है। इस पहल की प्रेरणा बहराइच के सौर ऊर्जा आधारित एग्री-पीवी मॉडल से मिली है। पंचमपुर के किसान समूह ने वहां पहुंचकर मॉडल का प्रदर्शन देखा और उसकी कार्यप्रणाली समझी। इसके बाद किसानों ने योगी सरकार के सहयोग से बुंदेलखंड की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप इस तकनीक को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान यानी पीएम-कुसुम के अंतर्गत इसकी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। 

बहराइच से मिली प्रेरणा, पंचमपुर में तैयार होगी रूपरेखा

पंचमपुर में प्रस्तावित गतिविधि के जरिए सौर आधारित सिंचाई की तकनीकी जरूरतों का आकलन किया जाएगा। सीएम योगी के विजन के अनुरूप स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन में कमांड एरिया मैपिंग तथा सोलर पंप डिजाइनिंग का कार्य किया जाना है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांव में मॉडल विकसित करने की आगे की कार्ययोजना को आकार दिया जा सकेगा।

अभी चल रही योजना में एक पंप से सिर्फ एक किसान ही लाभान्वित होता है। इस नए मॉडल के जरिए एक पंप से 10 किसानों को लाभ मिलेगा। यही बहराइच मॉडल की विशेषता है।

किसान समूह की भागीदारी इस पहल का अहम हिस्सा है। दूसरे जिले में मॉडल को देखने और समझने के बाद अब अपने क्षेत्र में उसकी उपयोगिता तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर सामुदायिक सिंचाई व्यवस्था विकसित करने की संभावनाएं सामने आएंगी।

खेतों की जरूरत के अनुसार तय होगा पंप का डिजाइन

कमांड एरिया मैपिंग के माध्यम से उस कृषि क्षेत्र की पहचान की जाएगी, जिसे प्रस्तावित सिंचाई व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है। इसी आधार पर सोलर पंप की डिजाइनिंग की जाएगी, ताकि तकनीकी व्यवस्था खेतों की सिंचाई जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सके। यह चरण परियोजना की आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होगा।

डीजल और बिजली पर निर्भरता घटाने की कोशिश

सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा विकसित होने से किसानों की डीजल और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। सिंचाई पर होने वाला खर्च घटेगा तो खेती की कुल लागत में भी कमी आने की संभावना है। साथ ही, किसानों को टिकाऊ सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक विकल्प मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य कृषि उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार करना भी है।

महिला स्वावलंबन के लक्ष्य से भी जुड़ेगी पहल

प्रस्तावित मॉडल को ग्रामीण आजीविका और महिला आर्थिक सशक्तीकरण की संभावनाओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है। खेती की लागत कम होने और कृषि गतिविधियों से आय बढ़ने की स्थिति में यह पहल लखपति दीदी के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकती है।

पंचमपुर में शुरू हुई यह तैयारी बुंदेलखंड में सौर ऊर्जा आधारित कृषि सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक शुरुआती कदम है। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप मॉडल विकसित होने पर इससे किसानों को किफायती सिंचाई सुविधा देने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें