नई दिल्ली
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने बैंकों के सहयोग से यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए प्रोविडेंट फंड (PF) निकाले का ट्रायल शुरू कर दिया है. यूपीआई से पीएफ का पैसा निकलने से सब्सक्राइबर्स को क्लेम के लिए हफ्तों इंतजार नहीं करना पड़ेगा. क्लेम सेटल होते ही रकम मिनटों में सीधे बैंक खाते में आ जाएगी. इस बड़े बदलाव का फायदा देश के 30 करोड़ ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स को होगा. यूपीआई से पीएफ फंड की पूरी निकासी नहीं की जा सकेगी. केवल कुल पीएफ राशि का 75 फीसदी हिस्सा ही यूपीआई के जरिए निकाला जा सकेगा।
अभी अपने पीएफ खाते से पैसा निकालने के लिए कर्मचारियों को यूएएन पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन क्लेम फाइल करना पड़ता है. इसके बाद दस्तावेजों की जांच होती है और फील्ड ऑफिस से वेरिफिकेशन होता है. इसके बाद बैंक प्रोसेसिंग में कई दिन लग जाते हैं. अब ईपीएफओ का इरादा UAN पोर्टल को मेंबर्स के UPI हैंडल से लिंक करने का है. इससे पेपरवर्क और मैनुअल अप्रूवल का झंझट खत्म होगा और क्लेम की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमेटेड हो जाएगी।
कब से चालू होगी यूपीआई पीएफ निकासी?
EPFO का कुल कॉर्पस लगभग 26 लाख करोड़ रुपये का है और इसमें करीब 7.5 करोड़ एक्टिव कॉन्ट्रिब्यूटर्स हैं. सरकारी सूत्रों के अनुसार, बैंकों के साथ चल रहा सिस्टम इंटीग्रेशन और सिक्योरिटी टेस्टिंग का काम अंतिम चरण में है. सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो इस साल के अंत तक यूपीआई से पीएफ निकासी की सुविधा शुरू हो जाएगी।
नया ऐप भी हो रहा है तैयार
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूपीआई से पीएफ निकासी को आसान बनाने के लिए ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स के बैंक खातों से जुड़ा एक नया मोबाइल ऐप भी तैयार कर रहा है. यह ऐप नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के BHIM ऐप सहित अन्य प्रमुख यूपीआई प्लेटफॉर्म्स से जुड़ा होगा. इससे पीएफ खाताधारक अपनी सुविधानुसार अपनी यूपीआई पिन दर्ज करके पीएफ क्लेम का पैसा अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेगा।







