चंडीगढ़.
शहर के धनास स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने आधुनिक शिक्षा की दिशा में एक नई मिसाल पेश की है। पीएम श्री का दर्जा मिलने के बाद स्कूल में शिक्षा के साथ तकनीक और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है।
अब यहां विद्यार्थियों को पारंपरिक तरीके के साथ-साथ हाईटेक और मनोरंजक तरीके से पढ़ाया जा रहा है। स्कूल के मुख्य गेट से प्रवेश करते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत वाटरफॉल से होता है। इसके अलावा स्कूल की दीवारों पर बनाए गए आकर्षक म्यूरल परिसर को नया और जीवंत रूप देते हैं। स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां पढ़ाई बोझिल न लगे और बच्चे गतिविधियों के जरिए विषयों को आसानी से समझ सकें।
कॉपी-किताब के साथ स्मार्ट पैनल से पढ़ाई
पीएम श्री स्कूल बनने के बाद यहां कक्षाओं में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा है। विद्यार्थी अब स्मार्ट पैनल की मदद से विभिन्न विषयों को इंटरैक्टिव तरीके से समझ रहे हैं। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने के कारण विद्यार्थियों को कठिन विषयों को विजुअल और प्रैक्टिकल तरीके से समझने का अवसर मिल रहा है। इससे कक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी भी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
अटल टिंकरिंग लैब में प्रयोग से सीख रहे विद्यार्थी
स्कूल में अटल टिंकरिंग लैब भी उपलब्ध है, जहां विद्यार्थी विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े प्रयोग कर सकते हैं। लैब के माध्यम से बच्चों में समस्या समाधान, रचनात्मक सोच और नई चीजें बनाने की क्षमता विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। यहां विद्यार्थी केवल किताबों तक सीमित न रहकर प्रयोग और गतिविधियों के जरिए सीखने का अनुभव हासिल कर रहे हैं।
आधुनिक सुविधाओं से बदला स्कूल का माहौल
पीएम श्री योजना के तहत स्कूल में आधुनिक सुविधाओं को विकसित करने पर जोर दिया गया है। परिसर को आकर्षक बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए सीखने का बेहतर वातावरण तैयार किया गया है। धनास सेक्टर-14 वेस्ट स्थित यह स्कूल अब पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीक, नवाचार और गतिविधि आधारित शिक्षा को जोड़कर विद्यार्थियों को नया अनुभव दे रहा है।







