पंजाब में प्रीगाबालिन 75mg दवा के लिए नए नियम, प्रिस्क्रिप्शन और ID दिखाना अनिवार्य

SHARE:

चंडीगढ़.

पंजाब में प्रीगाबालिन 75 एमजी दवा की बिक्री पर लगी अनौपचारिक रोक हट गई है। पंजाब केमिस्ट्स एसोसिएशन (पीसीए) ने मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए राज्यभर में इस दवा की आपूर्ति और बिक्री दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि, अब केमिस्टों को दवा बेचने के लिए सख्त शर्तों का पालन करना होगा।

दवा केवल रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर (आरएमपी) के वैध पर्चे पर ही दी जाएगी। इसके अलावा दवा खरीदने वाले मरीज को अपनी पहचान का प्रमाण भी दिखाना होगा। एसोसिएशन के इस फैसले से उन मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नसों में दर्द, मधुमेह से जुड़ी न्यूरोपैथी और अन्य बीमारियों के उपचार के लिए डॉक्टरों ने यह दवा लिखी हुई है। पिछले कुछ समय से दवा की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई मरीजों को निर्धारित दवा के लिए अलग-अलग मेडिकल स्टोर के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

झोटा की हत्या के बाद बंद की थी बिक्री
पंजाब में दवाओं के दुरुपयोग और नशे के खिलाफ अभियान के बीच 13 अक्टूबर को मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या के बाद प्रीगाबालिन की बिक्री को लेकर विवाद तेज हो गया था। इस मामले में एक केमिस्ट पर हत्या का आरोप लगा था। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने नशे के तौर पर इस्तेमाल की जा रही दवाओं की बिक्री को लेकर कार्रवाई तेज कर दी थी। मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी और जांच के दौरान केमिस्टों ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए थे। इसके विरोध में पंजाब केमिस्ट्स एसोसिएशन ने 25 अक्टूबर को राज्यभर में प्रीगाबालिन सहित सभी आदत डालने वाली दवाओं की बिक्री बंद करने का फैसला लिया था। एसोसिएशन ने अपने करीब 27 हजार सदस्य केमिस्टों को इन दवाओं का स्टाक वितरकों और थोक विक्रेताओं को वापस करने के निर्देश भी दिए थे। एसोसिएशन का तर्क था कि कुछ दुकानों की गड़बड़ियों के कारण सभी लाइसेंसधारक केमिस्टों को कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।

12 नवंबर से लागू हुए नए नियम
इस बीच केंद्र सरकार ने प्रीगाबालिन को ड्रग्स रूल्स के शेड्यूल एच से शेड्यूल एच-1 में शामिल कर दिया। इसके लिए 13 मई 2026 को अधिसूचना जारी की गई थी और नए प्रावधान 12 नवंबर से लागू हुए। इसके तहत दवा की बिक्री के लिए पंजीकृत चिकित्सक का पर्चा अनिवार्य किया गया। केमिस्टों को दवा की बिक्री और पर्चे से संबंधित अलग रजिस्टर में रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए। अब एसोसिएशन ने प्रीगाबालिन की 75 एमजी खुराक की बिक्री दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। एसोसिएशन का कहना है कि दवा की उपलब्धता मरीजों के लिए जरूरी है, लेकिन इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए निर्धारित नियमों और पहचान सत्यापन की शर्तों का पालन करना होगा।

1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें