'स्त्री 2' की जबर्दस्त सफलता के बाद अब बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक बेहद अलग और पावरफुल अवतार में लौटने के लिए तैयार हैं. उनकी आने वाली मच-अवेटेड फिल्म 'ईठा' (Eetha) का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने आते ही इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है.
मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की लोक कला 'लावणी' और 'तमाशा' की दुनिया में अपने हुनर का जलवा बिखेरती नजर आ रही हैं. ट्रेलर में मंच पर थिरकते कदम, चेहरे पर अटूट आत्मविश्वास और समाज की रूढ़ियों को तोड़कर अपनी अलग पहचान बनाने का जुनून साफ दिखाई दे रहा है.
ट्रेलर को देखकर एक बात तो समझ आ गई है कि यह महज एक एंटरटेनर फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसी कलाकार की कहानी है, जिसके लिए उसकी कला सिर्फ एक जरिया नहीं बल्कि उसके अस्तित्व और स्वाभिमान की लड़ाई है.
विथाबाई नारायणगांवकर से प्रेरित किरदार
फिल्म में श्रद्धा कपूर का किरदार महाराष्ट्र की मशहूर लावणी सम्राज्ञी विथाबाई नारायणगांवकर के जीवन और संघर्षों से प्रेरित है. 'स्त्री 2' के बाद एक पीरियड ड्रामा पर आधारित फिल्म में श्रद्धा को देखना उनके फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है. नौवारी साड़ी, हाथ में हरी चूड़ियां, गले में पारंपरिक गहने और लावणी का वो नटखट अंदाज श्रद्धा का यह लुक दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है.
'ईथा' की सबसे खास बात यह है कि यह लावणी और तमाशा को सिर्फ नाच-गाने या मनोरंजन के तौर पर पेश नहीं करती. यह फिल्म लावणी कलाकारों के कड़े परिश्रम, उनके संघर्षों और समाज में मिलने वाले मान-सम्मान (या उसकी कमी) के कड़वे सच को उजागर करती है. ट्रेलर में उस दौर के बड़े-बड़े मंडपों, खचाखच भरी भीड़ और रंग-बिरंगे स्टेज शो को बहुत ही खूबसूरत ढंग से दिखाया गया है. लेकिन इस रंगीन दुनिया के पीछे जो चुनौतियां और सामाजिक दबाव छिपे होते हैं, वही इस कहानी की गहराई है.
डायलॉग ने जीता दिल
ट्रेलर का एक डायलॉग काफी दमदार है.जिसमें श्रद्धा कहती हैं, 'यह सिर्फ कपड़े का एक टुकड़ा नहीं है, यह हमारी अस्मिता और मान-सम्मान का प्रतीक है.' यह डायलॉग फिल्म की पूरी कहानी को बयां कर देता है. यहां 'नौवारी' साड़ी महज एक पारंपरिक पहनावा नहीं, बल्कि संस्कृति, आत्मसम्मान और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का एक मजबूत जरिया बनकर उभरती है.
अजय-अतुल का दमदार म्यूजिक
फिल्म के संगीत की कमान इंडस्ट्री की मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने संभाली है, जबकि गानों की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है. ऐसे में दर्शकों को पारंपरिक लावणी संगीत और जबर्दस्त डांस परफॉर्मेंस का बेहतरीन मेल देखने को मिलने वाला है. ट्रेलर में रणदीप हुड्डा का भी एक अलग और धाकड़ अवतार देखने को मिलता है. उनके अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.








