जलज सक्सेना ने रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास, बिशन सिंह बेदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर केरल को दिलाई जीत

SHARE:

नई दिल्ली
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में केरल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को पारी और 36 रन से हरा दिया है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना जीत के सबसे बड़े हीरो रहे. उन्होंने दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर ओडिशा की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.

जलज सक्सेना ने की बेदी के रिकॉर्ड की बराबरी
39 साल के जलज सक्सेना ने ओडिशा के खिलाफ दूसरी पारी में 18 ओवर गेंदबाजी करते हुए 34 रन देकर 5  विकेट हासिल किए. इसमें सात मेडन ओवर भी शामिल रहे. यह रणजी ट्रॉफी में उनका 35वां पांच विकेट हॉल था.

इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की सूची में बिशन सिंह बेदी के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गए.

हालांकि, इस सूची में सबसे ऊपर पूर्व भारतीय स्पिनर राजिंदर गोयल हैं, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में 59 बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया था.

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने दिलाई केरल को जीत
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल ने अपनी पहली पारी में 404 रन बनाए. टीम की ओर से मोहम्मद अजहरुद्दीन ने नाबाद 139* रन की शानदार पारी खेली, जबकि सचिन बेबी ने 112 रन बनाकर अहम योगदान दिया.

इसके जवाब में ओडिशा की पहली पारी 225 रन पर सिमट गई. इस तरह केरल को 179 रन की बढ़त मिली. केरल ने ओडिशा को फॉलोऑन दिया और दूसरी पारी में भी ओडिशा टीम को संभलने का मौका नहीं मिला.

ओडिशा की दूसरी पारी 143 रन पर ऑल आउट हो गई. सलामी बल्लेबाज गौरव चौधरी ने 53 रन बनाए, जबकि कप्तान सुभ्रांशु सेनापति ने 30 रन का योगदान दिया. लेकिन जलज सक्सेना की शानदार गेंदबाजी के सामने बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके. केरल ने यह मुकाबला पारी और 36 रन से जीत लिया.

केरल को मिले सात अंक
इस जीत के साथ केरल को रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप सी में 7 अंक मिले. टीम ने शुरुआती मुकाबले में झारखंड के खिलाफ केवल एक अंक हासिल किया था, लेकिन ओडिशा के खिलाफ दमदार वापसी की. जलज सक्सेना 39 साल की उम्र में भी लगातार विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर रहे हैं.

1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें