लखनऊ में अखिलेश-आजम के खिलाफ विवादित पोस्टर, मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर साधा निशाना

SHARE:

लखनऊ
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है। बर्लिंगटन क्रॉसिंग पर लगाए गए पोस्टर में दोनों नेताओं की तस्वीरों पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बनाया गया है। पोस्टर के जरिए मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए सपा नेताओं पर निशाना साधा गया है। इस पर बड़े अक्षरों में लिखा है, 'मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते।' पोस्टर के नीचे 'समस्त अब्दुल समाज उत्तर प्रदेश' लिखा गया है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि पोस्टर किसने लगवाया है।

अखिलेश-आजम के विवादित पोस्टर
पोस्टर में अखिलेश यादव को मुजफ्फरनगर दंगों के समय उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और आजम खान को उस समय का प्रभारी मंत्री बताया गया है। इसके जरिए दोनों नेताओं को 2013 के दंगों की याद दिलाते हुए मुस्लिम समाज के नेतृत्व को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पोस्टर में अल जजीरा की एक खबर का स्क्रीनशॉट भी लगाया गया है। इसमें मुजफ्फरनगर दंगों के बाद राहत शिविरों में रह रहे बच्चों की मौत का जिक्र किया गया है। खबर के स्क्रीनशॉट के मुताबिक, दंगों के बाद राहत शिविरों में कड़ाके की ठंड के कारण कुछ हफ्तों के दौरान करीब 30 बच्चों की मौत हुई थी। पोस्टर लगाने वालों ने इसी घटना को आधार बनाकर सपा के तत्कालीन नेतृत्व पर निशाना साधने की कोशिश की है।

पोस्टर में मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र
दरअसल, सितंबर 2013 में मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी। शिविरों में बदहाल व्यवस्थाओं और बच्चों की मौत को लेकर उस समय प्रदेश की सपा सरकार की आलोचना भी हुई थी। अब इसी घटना को लेकर लखनऊ में लगाए गए पोस्टर ने पुरानी राजनीतिक बहस को फिर हवा दे दी है। यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। मुस्लिम वोटों और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी अलग-अलग दलों के बीच बयानबाजी चल रही है। हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के बाद इस मुद्दे पर चर्चा बढ़ी है।

ओवैसी पहले भी सपा पर मुस्लिमों को केवल वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अब्दुल केवल चुनाव में दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि सत्ता में अपनी हिस्सेदारी भी मांगेगा और डिप्टी सीएम बनेगा। ऐसे में लखनऊ में लगे इस पोस्टर को सपा के मुस्लिम नेतृत्व और उसके राजनीतिक आधार पर सवाल उठाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्टर के पीछे किस संगठन या व्यक्ति का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें