गयाजी के 7,400 घरों तक पहुंचेगी सौर ऊर्जा की रोशनी, जीविका दीदियां घर-घर जाकर करेंगी जागरूक

SHARE:

 गयाजी
 अब गांवों के घर भी सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। ग्रामीण परिवारों को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जीविका ने विशेष पहल शुरू की है।

इसके तहत जिले की 7,400 महिलाओं को सौर ऊर्जा अभियान से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। जीविका समूहों से जुड़ी ये महिलाएं गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की रूफटाप सोलर योजना की जानकारी देंगी।

साथ ही लोगों को अपने घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने के लिए जागरूक करेंगी। इस पहल से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

घर-घर पहुंचेंगी जीविका दीदियां, बताएंगी योजना के फायदे
सौर ऊर्जा योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में जीविका समूहों की महिलाओं की अहम भूमिका होगी। गांवों में पहले से सक्रिय स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से परिवारों तक आसानी से पहुंच बनाई जाएगी।

महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को समझाएंगी कि छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाकर किस तरह बिजली की जरूरत का एक हिस्सा स्वयं पूरा किया जा सकता है।

जिन परिवारों को सरकारी योजना की जानकारी नहीं है, उन्हें भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों में सौर ऊर्जा के प्रति लोगों की रुचि बढ़ने की उम्मीद है।

गरीब परिवारों के साथ मध्यम वर्ग को भी जोड़ने की तैयारी
इस अभियान का दायरा केवल गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सीमित नहीं रहेगा। मध्यम वर्गीय और अन्य इच्छुक परिवारों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

जीविका दीदियां लोगों को बताएंगी कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने से लंबे समय तक बिजली के खर्च में बचत की जा सकती है।

साथ ही परंपरागत बिजली पर निर्भरता भी कम होगी। इससे परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ऊर्जा के वैकल्पिक साधन को बढ़ावा मिलेगा।

जिले के 74 संकुल स्तरीय संघों से पहले चरण में 100-100 महिलाओं को इस अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इस प्रकार कुल 7400 महिलाएं सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएंगी। इन महिलाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों को योजना की पात्रता, मिलने वाली सुविधाओं और सौर ऊर्जा के उपयोग से होने वाले फायदे बताए जाएंगे। अभियान में कुटीर ज्योति योजना से जुड़े परिवारों और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे पात्र परिवारों को निशुल्क सौर ऊर्जा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। -राकेश कुमार सिंह , प्रबंधन सामाजिक विकास, जीविका

 

1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें