छत्तीसगढ़ में धान तिहार का आगाज, खरीदी केंद्रों पर उमड़ी किसानों की भीड़

SHARE:

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में आज 15 नवंबर से धान तिहार की शुरुआत हो गई है. प्रदेश के तमाम उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही धान बेचने के लिए किसानों का पहुंचना शुरू हो गया है. उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल किया जा रहा है.

धान खरीदी की व्यवस्था सुचारू तौर पर चले इसके लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है, साथ ही किसानों के लिए केंद्रों में तिरपाल, पीने के पानी और बैठने की सुविधा भी मुहैया कराई गई है. किसान अपनी मेहनत की फसल लेकर केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. कहीं उत्साह है, तो कहीं अर्नब तूफान से हुई फसल क्षति को लेकर मायूसी भी है. बात करें धमतरी जिले में कुल 108 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जहां जिले भर के 1 लाख 31 हजार पंजीकृत किसान अपना धान बेचने पहुंच रहे हैं.

सुबह से ही सभी सोसायटियों में पूजा-अर्चना के बाद खरीदी की शुरुआत की गई. प्रशासन ने इस बार व्यवस्था को बेहतर बनाने का पूरा दावा किया है. सुविधाएं देखकर खुश नजर आए किसानों ने कहा कि इस बार व्यवस्था पहले से बेहतर है, तौल भी सही हो रहा है. सरकार के बोनस से हम बहुत खुश हैं. लेकिन हर जगह तस्वीर एक जैसी नहीं है. लोहरसिंह सोसायटी में किसान मायूस नजर आए. वजह है फटा हुआ बारदाना. किसानों का आरोप है कि उन्हें जो बारदाना दिया जा रहा है, वह फटा हुआ है, मजबूरन किसान पैरा डालकर धान भर रहे हैं.

किसानों ने प्रशासन से बेहतर और नया बारदाना देने की गुहार लगाई है. इसके साथ ही अर्नब तूफान से हुई फसल क्षति ने भी किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कई किसानों की फसल बारिश में भीग गई, जिससे उन्हें नुकसान हुआ है. हालांकि, नुकसान के बाद भी किसानों के चेहरे पर सरकार के बोनस को लेकर खुशी साफ देखी जा सकती है. बात करें बालोद जिले की तो जिले के 161 उपार्जन केंद्रों में से 130 उपार्जन केंद्रों में आज से धान खरीदी की शुरुआत हुई. इन उपार्जन केंद्रों में धान बेचने के लिए 848 किसानों ने 30 हजार 774 क्विंटल 60 किलो धान बेचने के लिए टोकन कटवाया है. केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. उपार्जन केंद्रों में पेयजल, छाया, शौचालय, बारदाना और तौल सहित बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने से जिले के किसान बेहद उत्साहित हैं.

1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें