चंडीगढ़.
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने बुधवार को ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान की शुरुआत की जिसके तहत समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और उनकी समस्याओं तथा चिंताओं को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष परगट सिंह और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने यहां पार्टी मुख्यालय में इस अभियान की शुरुआत की। पार्टी के अनुसार, ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान का उद्देश्य राज्य के लोगों से जुड़ना और किसानों, युवाओं, नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को उठाना है।
बाजवा ने संवाददाताओं से कहा कि इस अभियान के तहत कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नेता पंजाब के विभिन्न हिस्सों का दौरा करेंगे और समाज के सभी वर्गों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हम आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के साथ किए गए धोखे, पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं किए जाने, कानून-व्यवस्था की स्थिति और राज्य की खराब वित्तीय हालत जैसे मुद्दों पर बात करेंगे।’’ बाजवा ने दावा किया कि ‘आप’ सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आप नेता अरविंद केजरीवाल ने कॉलेज, चिकित्सा महाविद्यालय और सड़कों तथा पुलों सहित नए बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए हर साल 54,000 करोड़ रुपये देने का वादा किया था। लेकिन एक भी पैसा नहीं दिया गया। हम केजरीवाल से पूछेंगे कि वह पैसा कहां गया।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों, महिलाओं और व्यापारियों के लिए भी कुछ नहीं किया।
कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की 12 नवंबर से शुरू होने वाली साइकिल यात्रा के बारे में पूछे जाने पर बाजवा ने कहा कि यह भी पार्टी के कार्यक्रम का हिस्सा है। उन्होंने कहा, ‘‘चन्नी साहब हमारे भाई हैं। उनके कार्यक्रम से कांग्रेस का संदेश पूरे पंजाब में पहुंचेगा। हम सब मिलकर यह अभियान चलाएंगे। कल हम सभी (उनकी साइकिल यात्रा में) भी शामिल होंगे।’’ नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि माझा, मालवा और दोआबा क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना इस अभियान का उद्देश्य है। कांग्रेस की प्रचार समिति के अध्यक्ष चन्नी ने ‘जवानी संभाल, जट्टा’ नाम से साइकिल यात्रा की योजना बनाई है। इस यात्रा के दौरान वह विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से संपर्क करेंगे। पंजाब विधानसभा के चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।







