पटना
मानसून की विदाई के बाद मौसम अब ठंड की ओर बढ़ रहा है, पर इसकी गति धीमी रहने के आसार हैं। अक्टूबर से दिसंबर तक प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। ऐसे में कड़ाके की ठंड देर से पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के बाद ठंड पर अलनीनो का असर फरवरी तक बने रहने के आसार हैं। वहीं, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जनवरी-फरवरी में ठंड में वृद्धि के आसार हैं। हालांकि, स्थानीय स्तर पर पश्चिमी विक्षोभ, कोहरा, हवा की दिशा और अचानक मौसम परिवर्तन से कुछ दिनों के लिए तापमान में गिरावट की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अक्टूबर के पहले सप्ताह में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री सेल्सियस के बीच एवं न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पूर्व भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा, मेघ गर्जन, वज्रपात की भी संभावना है। हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा हो सकती है
मौसम में रहेगी गर्माहट
दिन का तापमान अधिक रहने से सुबह-शाम की ठंडक के बावजूद मौसम में गर्माहट बने रहने के आसार हैं। मौसम में बदलाव आने के साथ रबी फसलों की बोआई और पैदावार पर भी इसका असर पड़ सकता है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा। तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
मुंगेर में 33 किमी प्रतिघंटा हवा की रफ्तार दर्ज की गई। अगले 48 घंटे के दौरान बिहार-झारखंड, छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण पश्विम मानसून के विदा होने की अनुकूल परिस्थिति बनी हुई है। दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इनके कारण कुछ भागों में बादलों की आवाजाही के साथ मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा।
पांच से सात अक्टूबर के दौरान उत्तर व दक्षिण भागों के कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की संभावना जताई गई है। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस एवं 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 33.0 25.7
गया 32.6 23.6
भागलपुर 32.7 24.7
मुजफ्फरपुर 32.0 25.7
पटना सहित कई शहरों में अधिक वर्षा
सितंबर में पटना सहित गया, वाल्मीकि नगर एवं डेहरी में बीते वर्षों के दौरान इस बार झमाझम वर्षा दर्ज की गई।
वर्ष मान 1 मान 2 मान 3 मान 4
2026 277.0 270.1 542.9 285.2
2025 147.9 202.2 460.2 171.5
2024 201.9 69.5 493.2 242.4
2023 188.9 212.4 175.2 169.4
2022 169.8 117.3 508.8 174.0







